जयपुर। जयपुर दक्षिण जिला पुलिस ने युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले अवैध हुक्का बारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात एक कैफे पर छापा मारकर अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 आधुनिक हुक्के, कई चिलम और प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर जब्त किए हैं। मौके से हुक्का पी रहे और परोस रहे आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर ब्ल्यूसीस कैफे पर दबिश दी। पुलिस ने कैफे को चारों ओर से घेर कर कार्रवाई की, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने कैफे संचालक के खिलाफ अवैध रूप से हुक्का परोसने के आरोप में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कैफे में अवैध हुक्का बार कब से संचालित हो रहा था, प्रतिबंधित फ्लेवर कहां से मंगाए जा रहे थे और इस कारोबार में अन्य कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले ऐसे अवैध ठिकानों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



















