जयपुर। शुक्र ने सिंह राशि में रहते हुए मघा नक्षत्र से निकलकर पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश कर लिया। पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र के स्वामी स्वयं शुक्र ग्रह हैं, इसलिए इस गोचर का प्रभाव सामान्य से अधिक शुभ और प्रभावशाली माना जा रहा है।
पंडित बनवारी लाल शर्मा के अनुसार, जब शुक्र अपने ही नक्षत्र में प्रवेश करते हैं, तो उसकी सकारात्मक ऊर्जा और शुभ फल देने की क्षमता अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में कई राशि के जातकों को धन लाभ, भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि, प्रेम संबंधों में मजबूती, करियर में उन्नति और अधूरे कार्यों में सफलता मिलने के योग बन सकते हैं।
इस दौरान नई योजनाओं पर काम शुरू करने का अवसर मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति या नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, जबकि व्यापारियों के लिए लाभ के नए रास्ते खुलने की संभावना रहेगी।
मेष राशि:शुक्र का यह नक्षत्र परिवर्तन मेष राशि वालों के लिए लाभकारी रहेगा। धन मिलने की संभावना रहेगी और आय के नए स्रोत भी बन सकते हैं। करियर में तरक्की के नए अवसर प्राप्त होंगे।
संपत्ति खरीदने की इच्छा पूरी हो सकती है। सामाजिक दायरा बढ़ेगा और प्रभावशाली लोगों से मुलाकात भविष्य में लाभ दिला सकती है। प्रेम जीवन में भी मधुरता बनी रहेगी और दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। प्रेम संबंधों में मधुरता बढ़ेगी तथा अविवाहित लोगों के विवाह की बात आगे बढ़ सकती है।
वृषभ राशि:वृषभ राशि वालों के लिए शुक्र का अपने ही नक्षत्र में प्रवेश कई सकारात्मक बदलाव लेकर आ सकता है। व्यापारियों को नए सौदे और लाभदायक अवसर मिल सकते हैं। परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा और किसी शुभ कार्य की योजना बन सकती है। रुका हुआ धन वापस मिल सकता है। करियर में मनचाहे परिणाम मिलने के योग हैं और मेहनत का पूरा फल प्राप्त होगा। निवेश से भी अच्छा लाभ मिलने की संभावना दिखाई दे रही है।
तुला राशि: तुला राशि के स्वामी भी शुक्र हैं, इसलिए इस नक्षत्र परिवर्तन का प्रभाव इस राशि पर विशेष रूप से शुभ माना जा रहा है। लंबे समय से जिस काम के पूरे होने का इंतजार था, उसमें सफलता मिल सकती है।
कला के क्षेत्र में आप आगे बढ़ेंगे। किसी करीबी व्यक्ति से शुभ समाचार मिलने की संभावना है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। समाज में मान-सम्मान बढऩे के साथ-साथ नए संपर्क भविष्य में लाभदायक साबित हो सकते हैं।



















