तालकटोरा में मिला लापता कैटरिंग व्यवसायी का शव

0
64

जयपुर। नाहरगढ़ रोड थाना क्षेत्र स्थित तालकटोरा में बुधवार सुबह 62 वर्षीय कैटरिंग व्यवसायी का शव तैरता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एएसआई राजकृष्ण ने बताया कि मृतक की पहचान गणगौरी बाजार निवासी मनमोहन शर्मा (62) के रूप में हुई है, जो कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े थे। परिजनों ने एक दिन पहले उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

एएसआई ने बताया कि बीस जुलाई को मनमोहन शर्मा परिवार से नाराज होकर बिना बताए दिल्ली चले गए थे। परिजन उन्हें 21 जुलाई तड़के करीब 3:45 बजे दिल्ली से जयपुर लेकर आए। इसके बाद सुबह करीब 4:24 बजे वह फिर घर से निकल गए। सीसीटीवी फुटेज में वह ब्रह्मपुरी खर्रे से तालकटोरा की ओर जाते दिखाई दिए, जिसके बाद उनकी लोकेशन नहीं मिल सकी।

बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने तालकटोरा में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मनमोहन शर्मा के रूप में की। थाना प्रभारी सज्जन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस दिन मनमोहन शर्मा दिल्ली गए थे। उस दिन परिवार की ओर से नहर के गणेशजी मंदिर में जीमण का आयोजन था। उन्होंने बाद में अपनी कैटरिंग की कुछ बुकिंग भी रद्द कर दी थीं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here