पुलिसकर्मी बनकर महिला से ठगी: नकली गहने थमाकर सोने की चेन-चूड़ियां ले उड़े बदमाश

0
29

जयपुर। राजधानी के बजाज नगर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। जहां बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला को सुरक्षा का झांसा दिया और उसकी सोने की चेन व चूड़ियां उतरवाकर उनकी जगह नकली आभूषण रख दिए।

वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेजों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

बजाज नगर थानाधिकारी रामधन मीणा ने बताया कि बरकत नगर निवासी नीरज कुलश्रेष्ठ (53) बुधवार सुबह डॉक्टर को दिखाकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। घर से करीब 100 मीटर पहले बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि इलाके में लगातार चाकूबाजी और लूट की घटनाएं हो रही हैं। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने कथित पुलिस पहचान पत्र भी दिखाया।

इसके बाद आरोपियों ने महिला को सुरक्षा के नाम पर सोने की चेन और चूड़ियां उतारकर पर्स में रखने की सलाह दी। महिला ने घर पास होने की बात कहकर मना किया। लेकिन दोनों बदमाश नहीं माने। उन्होंने गहनों की पुड़िया बनाकर पर्स में रखने का नाटक किया और इसी दौरान असली सोने के जेवर निकालकर उनकी जगह नकली चेन और आर्टिफिशियल चूड़ियां रख दीं। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घर पहुंचकर ताला खोलते समय महिला को शक हुआ। जब उन्होंने पर्स खोलकर देखा तो असली सोने के गहने गायब थे और उनकी जगह नकली आभूषण रखे हुए थे। इसके बाद उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराई।

थानाधिकारी रामधन मीणा ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी ईरानी गैंग के सदस्य प्रतीत हो रहे हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों संदिग्ध बदमाश नजर आए हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here