खाटू धाम तक पहुंचेगी लाखों श्रद्धालुओं की मन की बात

0
39
The heartfelt prayers of lakhs of devotees will reach Khatu Dham.
The heartfelt prayers of lakhs of devotees will reach Khatu Dham.

जयपुर। आस्था की दुनिया में विश्वास का एक अनूठा अध्याय लिखते हुए इस वर्ष भी अर्जी निशान यात्रा-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि उन श्रद्धालुओं की भावनाओं का सेतु है, जो किसी कारणवश स्वयं खाटूश्यामजी के दरबार तक नहीं पहुंच पाते। उनकी मनोकामनाएं, प्रार्थनाएं, कृतज्ञता और जीवन के अनकहे भाव चिट्ठियों के माध्यम से बाबा श्याम के श्रीचरणों तक पहुंचाए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार 8 से 13 अगस्त तक आयोजित होने वाली छह दिवसीय पदयात्रा में देश-विदेश से प्राप्त हजारों अर्जियां पूर्ण श्रद्धा और गोपनीयता के साथ खाटूधाम ले जाकर बाबा श्री श्याम को समर्पित की जाएंगी। इस सेवा अभियान के प्रति हर वर्ष श्रद्धालुओं का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

अर्जी निशान यात्रा के संस्थापक हरीश कुमार शर्मा ने बताया कि इस सेवा अभियान की शुरुआत कुछ वर्ष पहले केवल 25 श्याम भक्तों के साथ हुई थी। वर्ष 2023 में प्रथम आयोजन के दौरान ही देश-विदेश से पांच हजार से अधिक अर्जियां प्राप्त हुर्ईं। आज यह अभियान भारत के लगभग सभी राज्यों के साथ-साथ विदेशों तक पहुंच चुका है। श्रद्धालु डाक, कूरियर, ईमेल, व्हाट्सएप तथा विभिन्न स्थानों पर स्थापित अर्जी पेटियों के माध्यम से अपनी प्रार्थनाएं भेज रहे हैं।

आयोजकों ने बताया कि इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता पूर्ण गोपनीयता है। किसी भी श्रद्धालु की अर्जी को खोला या पढ़ा नहीं जाता। जिस रूप में चिट्ठी या लिफाफा प्राप्त होता है, उसे सुरक्षित रखा जाता है और यात्रा के समापन पर सीधे खाटूश्यामजी के श्रीचरणों में अर्पित कर दिया जाता है।

श्रद्धालुओं के विश्वास और निजता की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। आयोजन समिति के सचिन श्रीमाल ने बताया कि अर्जी निशान यात्रा का शुभारंभ 8 अगस्त को प्रात: 8:15 बजे मानसरोवर स्थित वृन्दावन धाम श्याम मंदिर (विजय पथ) से होगा। यात्रा छह दिनों तक विभिन्न पड़ावों से होते हुए 13 अगस्त को खाटूधाम पहुंचेगी, जहां सभी अर्जियां बाबा श्याम के श्रीचरणों में समर्पित की जाएंगी।

हरीश कुमार शर्मा ने कहा कि अनेक श्रद्धालु स्वास्थ्य, दूरी अथवा अन्य कारणों से खाटूधाम नहीं पहुंच पाते। ऐसे भक्तों की मन की बात बाबा तक पहुंचाना ही इस सेवा यात्रा का मूल उद्देश्य है। यह अभियान श्रद्धा, विश्वास और निस्वार्थ सेवा का जीवंत उदाहरण बन चुका है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जयपुर शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में अनेक प्रमुख मंदिरों और प्रतिष्ठानों पर अर्जी पेटियां स्थापित की गई हैं। इनमें श्रद्धालु 31 जुलाई तक अपनी अर्जियां डाल सकेंगे। इसके बाद 1 अगस्त से पेटियों का संग्रहण प्रारंभ होगा तथा 4 अगस्त को मानसरोवर स्थित वृन्दावन धाम श्याम मंदिर में ताली कीर्तन एवं सामूहिक अर्जी संग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मानसरोवर, सांगानेर, प्रताप नगर, जगतपुरा, इंदिरा गांधी नगर सहित जयपुर के दो दर्जन से अधिक मंदिरों एवं प्रतिष्ठानों पर अर्जी पेटियां स्थापित की गई हैं। इसके अतिरिक्त दांतली, नैनवां धाम, टाटियावास टोल, गंगापुर सिटी, लालसोट, शिवाड़, कुचामन सिटी, निवाई धाम, खैरथल (अलवर) तथा आहियापुर (जौनपुर, उत्तर प्रदेश) सहित विभिन्न स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अर्जी संग्रह केन्द्र बनाए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here