जयपुर। भांकरोटा थाना इलाके में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महापुरा स्थित बीड़ की ढाणी में एक चरवाहे का शव लहूलुहान हालत में उसकी भेड़ों के झुंड के पास पड़ा मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कालूराम बागरिया (46), मौजमाबाद ,दूदू निवासी के रुप में की है।
एसीपी दीपक कुमार के बताए अनुसार कालूराम अपने एक अन्य साथी के साथ भेड़ों को चराने के लिए भांकरोटा इलाके में स्थित बीड़ की ढाणी ,महापुरा आया हुआ था। शनिवार रात दोनों अपनी भेड़ों के झुंड के साथ महापुरा के पास ठहरे हुए थे। रविवार सुबह स्थानीय लोगों और पुलिस को कालूराम का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही भांकरोटा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएससी बगरू की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया है।
आपसी विवाद में हत्या की आशंका, साथी से पूछताछ
प्रारंभिक जांच और पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि शनिवार रात सोने से पहले कालूराम का अपने साथी हरदेव के साथ किसी बात को लेकर तीखा झगड़ा हुआ था। पुलिस का मानना है कि कहासुनी बढ़ने पर हरदेव ने कालूराम के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने संदिग्ध साथी हरदेव को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होते ही मामले का आधिकारिक खुलासा कर दिया जाएगा।

















