एसपीएल भारत कप 2027 का आगाज: विजेता टीम को मिलेंगे 31 लाख रुपए

0
63
SPL Bharat Cup 2027 Kicks Off: Winning Team to Receive ₹31 Lakh
SPL Bharat Cup 2027 Kicks Off: Winning Team to Receive ₹31 Lakh

जयपुर। युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले एसपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा संस्करण अब ‘एसपीएल भारत कप 2027’ के नाम से आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता फरवरी-मार्च 2027 में होगी और इस बार टूर्नामेंट को अधिक पेशेवर, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए कई बड़े बदलाव किए गए हैं। इनमें टी-12 प्रारूप, खिलाड़ियों के चयन के लिए ऑक्शन सिस्टम, सिंथेटिक लेदर बॉल का उपयोग और विजेता टीम के लिए 31 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रमुख हैं।

सोमवार को जयपुर स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक पंडित देवकीनंदन ठाकुर, 1983 विश्व कप विजेता पूर्व क्रिकेटर मदन लाल, संस्थापक विजय शर्मा, चीफ एडवाइजर सुमित तिवारी, स्ट्रैटेजिक एडवाइजर अजय भाटीवाल, क्रिकेट ऑपरेशंस चीफ संजीव मिश्रा तथा सचिव योगेश शर्मा मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि पहले संस्करण की सफलता के बाद दूसरे संस्करण को और अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी स्वरूप दिया गया है। इस बार टी-10 की जगह टी-12 प्रारूप में मुकाबले खेले जाएंगे और टेनिस बॉल के स्थान पर सिंथेटिक लेदर बॉल का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का बेहतर अनुभव मिल सके।

मुख्य संरक्षक पंडित देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, चरित्र निर्माण, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एसपीएल भारत कप का उद्देश्य क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ जिम्मेदार और प्रेरणादायी युवा तैयार करना भी है।

1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे मदन लाल ने कहा कि छोटे शहरों और गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें यदि सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने पारदर्शी चयन प्रक्रिया और प्रतिस्पर्धी माहौल को खिलाड़ियों के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

संस्थापक विजय शर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट में 14 से 35 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। देशभर में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, जिनके आधार पर 250 खिलाड़ियों का ऑक्शन पूल तैयार होगा। इसमें पहले संस्करण के प्रदर्शन के आधार पर 50 खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा, जबकि 200 खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के माध्यम से होगा। इसके बाद आठ फ्रेंचाइजी ऑक्शन के जरिए 128 खिलाड़ियों का चयन करेंगी। प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ी होंगे।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को प्रदर्शन के आधार पर ए, बी और सी श्रेणियों में रखा जाएगा। ए श्रेणी के खिलाड़ियों का आधार मूल्य 75 हजार रुपए, बी श्रेणी का 50 हजार रुपए तथा सी श्रेणी का 25 हजार रुपए निर्धारित किया गया है।

टूर्नामेंट में महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाली आठ टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजकों के अनुसार विजेता टीम को 31 लाख रुपए और उपविजेता टीम को 21 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, मैन ऑफ द सीरीज को कार तथा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को एक-एक बाइक पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।

आयोजन समिति का कहना है कि एसपीएल भारत कप का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देना और देशभर के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर उपलब्ध कराना भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here