परकोटा गणेश मंदिर में सोने के वर्क से सजे गणेश जी

0
42

जयपुर। छोटी काशी जयपुर में गणेश चतुर्थी का पर्व बुधवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों में सुबह से ही गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजते रहे। चांदपोल स्थित प्राचीन परकोटा गणेश मंदिर में गणेश जन्मोत्सव के तहत विशेष धार्मिक आयोजन हुए। प्रात:काल भगवान गणेश का पंचामृत और विभिन्न औषधीय द्रव्यों से अभिषेक किया गया। इसके बाद प्रथम पूज्य को सोने के वर्क का चोला अर्पित कर आकर्षक शृंगार किया गया। मंदिर में फूल बंगला झांकी और छप्पन भोग की झांकी सजाई गई।

सोने के वर्क से सजे गणेशजी के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। भक्त कतार में लगकर प्रथम पूज्य के दर्शन करते नजर आए। विशेष शृंगार, फूल बंगला और छप्पन भोग की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्तों ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि, खुशहाली और परिवार की मंगलकामना की।

गणेश जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, चुनरी, रोशनी और बंदरवाल से सजाया गया। विशेष सजावट के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया। दिनभर मंदिर में भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी रहा। गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा।

मंदिर महंत अमित शर्मा के सान्निध्य में गणेश चतुर्थी के अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। शाम को मंदिर परिसर में सैकड़ों दीपकों से भगवान गणेश की महाआरती की गई। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया गया और इसके लिए विशेष झांकी सजाई गई। दिनभर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। विशेष शृंगार और धार्मिक आयोजनों के बीच परकोटा गणेश मंदिर में गणेश जन्मोत्सव का उल्लास देखते ही बना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here