श्री सरस निकुंज में आचार्य महाप्रभु श्री श्यामचरणदास जी का 324वां जयंती महोत्सव शुरू

0
40

जयपुर। सुभाष चौक, पानों का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की प्रधान आचार्य पीठ श्री सरस निकुंज में सोमवार को आचार्य महाप्रभु श्री श्यामचरणदास जी महाराज का 324वां जयंती महोत्सव अत्यंत भक्तिभाव और उल्लास के साथ प्रारंभ हुआ। श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के पावन सान्निध्य में दिनभर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।

श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ सोमवार सुबह ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी सरकार के भव्य अभिषेक और मनमोहक पुष्प श्रृंगार के साथ हुआ। इस अवसर पर आचार्य महाप्रभु श्री श्यामचरणदास जी महाराज की चित्रपट झांकी सजाकर विशेष पूजन-अर्चन किया गया।

मध्याह्नकाल से लेकर शाम तक मंदिर प्रांगण में बधाई महोत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें बधाई गायन और नृत्यगान की सुंदर जुगलबंदी देखने को मिली। समाज गायन के दौरान कलाकारों ने “जन्म दिन उन्हीं का मनाने चले हैं जिनकी गोद में हम पले हैं…” जैसे भावपूर्ण पदों का गायन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

महोत्सव के उपलक्ष्य में श्री सरस निकुंज को आकर्षक बांदरवालों, रंगीन पट्टों और सुगंधित पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया। रात्रि के समय वाणीपाठ और बधाई महोत्सव के साथ-साथ भव्य रात्रि जागरण का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ उठाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here