जयपुर। दी मदर्स टच किड्स एकेडमी में गणेश उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गणेशजी के विभिन्न स्वरूपों और उनकी महिमा को प्रस्तुत किया।
बच्चों ने गणेश वंदना, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों ने भगवान गणेश की वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। शिक्षिकाओं ने बच्चों को गणेश चतुर्थी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी तथा भगवान गणेश को प्रथम पूज्य और बुद्धि-विवेक के देवता के रूप में बताया।
विद्यालय के डायरेक्टर श्रीकृष्ण चंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास और संस्कारों का विकास करते हैं। इस कार्यक्रम के अंत में भगवान गणेश की आरती की गई और सभी विद्यार्थियों के सुख-समृद्धि की कामना की गई।



















