जयपुर। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को जयपुर उत्तर पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा बालकों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा अपराध की स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक किया गया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर ऋषभ अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित रैली को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त पीयूष कड़वा, पुलिस थाना माणक चौक के थानाधिकारी, पुलिस थाना धानमंडी के थानाधिकारी, पुलिस थाना नाहरगढ़ के थानाधिकारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
रैली पुलिस उपायुक्त कार्यालय से रवाना होकर हवामहल बाजार, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़, रामगंज बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से निकली। रैली के दौरान आमजन को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन और पुलिस सहायता के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने तथा सुरक्षित सामाजिक वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आमजन को पंपलेट वितरित किए गए तथा पुलिस और समाज की साझी भागीदारी से अपराधों की रोकथाम पर जोर दिया गया।
अंत में जयपुर उत्तर पुलिस ने नागरिकों से अपने परिवार, बच्चों और आसपास के लोगों को भी महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है तथा साइबर अपराध एवं अन्य सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।



















