मंदिर और सूने मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

0
50
Cunning thief arrested for stealing ₹3 lakh from a marriage garden.

जयपुर। खोराबीसल थाना पुलिस ने मंदिर और सूने मकानों में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शनि मंदिर से चोरी किए गए चांदी के तीन छत्र तथा एक मकान से चोरी की गई पानी की मोटर बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 25 जुलाई को नांगल जैसा बोहरा स्थित शनि मंदिर (देव तलाई) से चांदी के छत्र चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले की जांच के दौरान घटनास्थल और बैनाड़ रोड के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर राकेश प्रजापत (21) निवासी झामदा कला (चाकसू), हाल निवासी करधनी की पहचान हुई। आरोपी पहले से करधनी थाना क्षेत्र के चोरी के मामले में जयपुर सेंट्रल जेल में बंद था।

पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए तीनों चांदी के छत्र बरामद कर लिए गए। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और नकबजनी के मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरे मामले में 20 जुलाई को ग्रीन पार्क, नांगल जैसा बोहरा निवासी राकेश कुमार ने मकान से औजार, लाइट का सामान और करीब 10 हजार रुपये की पानी की मोटर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर सुनील लौरा (26) निवासी नारायण नगर, दादी का फाटक (झोटवाड़ा) को भैरूजी मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पानी की मोटर बरामद कर ली गई। उसके खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here