छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग पर हाईवोल्टेज प्रदर्शन

0
46

जयपुर। छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जयपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने हाईवोल्टेज प्रदर्शन किया। राजस्थान विश्वविद्यालय के तीन छात्र नेता टोंक फाटक पुलिया के पास गांधीनगर रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे की पानी की टंकी पर चढ़ गए, जबकि विश्वविद्यालय परिसर में आठ दिन से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता को पुलिस ने स्वास्थ्य बिगड़ने पर एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया।

टंकी पर चढ़ने वालों में एनएसयूआई के आरयू प्रभारी विजयपाल कुड़ी, उपाध्यक्ष कोशेन खान और सदस्य वियोना जाट शामिल हैं। छात्र नेताओं ने छात्रसंघ चुनाव तत्काल बहाल करने तथा जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की।

घटना की सूचना मिलते ही टोंक रोड पर लोगों की भीड़ जुटने से यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर बजाज नगर थाना पुलिस, एसडीएम नॉर्थ श्रीकांत व्यास, रेलवे अधिकारी, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम पहुंची। एहतियात के तौर पर सिविल डिफेंस ने टंकी के चारों ओर सुरक्षा जाल बिछाया। पुलिस ने टंकी की ओर बढ़ रहे समर्थक छात्रों को भी रास्ते में रोक दिया। एसडीएम श्रीकांत व्यास ने बताया कि प्रशासन लगातार छात्रों से संवाद कर रहा है और ज्ञापन लेकर मांगों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है।

उधर राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में पिछले आठ दिनों से छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे छात्र नेता शुभम रेवाड़ को पुलिस ने स्वास्थ्य बिगड़ने पर एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच नोकझोंक भी हुई। छात्रों ने कार्रवाई को आंदोलन दबाने का प्रयास बताते हुए विरोध जताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here