जयपुर। महेश नगर थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 26 ग्राम गांजा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि महेश नगर थानाधिकारी मदन लाल कड़वासरा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मनीष उमला (31) निवासी बाबा रामदेव नगर कच्ची बस्ती, गुर्जर की थड़ी (मूल निवासी नासिरदा, टोंक) को गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 26 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर उसके खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पूछताछ में पुलिस अवैध गांजे की आपूर्ति करने वाले मुख्य सप्लायर और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ टोंक और जयपुर में मारपीट, आबकारी अधिनियम तथा अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में पहले से कई मामले दर्ज हैं।


















