दिनदहाड़े 60 वर्षीय व्यक्ति से 4 लाख की सोने की चेन झपटी

0
33
Chain of five women broken in Kalash Yatra
Chain of five women broken in Kalash Yatra

जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक 60 वर्षीय व्यक्ति से करीब 4 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी करवाई, लेकिन देर शाम तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।

पुलिस के अनुसार वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे मुहाना निवासी राजेंद्र मीणा के साथ हुई। वह पार्श्वनाथ नारायण सिटी क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले पीड़ित की रेकी की और जैसे ही वह सुनसान स्थान पर पहुंचे, बाइक को उनके पास लाकर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर गले में पहनी सोने की भारी चेन तोड़ ली। घटना के बाद दोनों आरोपी तेज गति से फरार हो गए।

पीड़ित ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। सूचना मिलने पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में तत्काल नाकाबंदी करवाई।

पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके फरार होने के मार्ग का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here