जयपुर। बगरू थाना पुलिस ने निजी जमीन पर कब्जा करने के प्रयास, तोड़फोड़ और चोरी के मामले में पिता-पुत्र को उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित जयगुरुदेव आश्रम से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आधी रात जेसीबी से फार्महाउस का मुख्य गेट और करीब 150 फीट लंबी चारदीवारी तोड़ दी थी। साथ ही कमरे, रसोईघर, बाथरूम और सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर पेड़ उखाड़ दिए थे।
डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि परिवादी प्रदीप सिंह बेनीवाल ने 20 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। आरोप है कि 19 नवंबर की रात रामस्वरूप गुर्जर, उसके बेटे बजरंग सहित अन्य लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी फार्महाउस से फ्रिज, पंखा, गैस सिलेंडर, चूल्हा, सेनेटरी फिटिंग का सामान और 9 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए।
घटना के बाद आरोपी मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए और मथुरा के जयगुरुदेव आश्रम में छिप गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता से उनकी लोकेशन तलाशकर दोनों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग गुर्जर (20) और उसका पिता रामस्वरूप गुर्जर (65), निवासी ठिकरिया, बगरू शामिल हैं। पुलिस चोरी गए सामान की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पूछताछ कर रही है।

















