शादी समारोह में युवक की हत्या करने वाला 10 हजार का इनामी पवन सैनी गिरफ्तार

0
47
Two notorious criminals arrested along with gamblers.
Two notorious criminals arrested along with gamblers.

जयपुर। सांगानेर सदर थाना इलाके में सीतापुरा स्थित सचिवालय नगर में शादी समारोह के दौरान युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले तीन माह से फरार चल रहा था। पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों और वारदात से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पवन सैनी (23) पुत्र मुकेश सैनी निवासी शिव कॉलोनी, गोगिया पेट्रोल पंप के पीछे, सांगानेर है।
पुलिस के अनुसार बूंदी जिले के बामनगांव निवासी मियाराम गुर्जर ने 2 मई 2026 को सांगानेर सदर थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया कि उनका भतीजा चेतराम गुर्जर (30) एक मई को गांव के ही रूपशंकर जांगिड़ की बेटियों के विवाह समारोह में शामिल होने सीतापुरा के सचिवालय नगर आया था।

रात में चेतराम अपने साथी मुकेश गुर्जर के साथ गुटखा लेने निकला था। इसी दौरान तीन काले रंग की थार और स्कॉर्पियो में सवार होकर आए 8 से 10 बदमाशों ने उस पर लोहे के पाइप और लाठियों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए मुकेश के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल चेतराम को महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि अस्पताल ले जाते समय चेतराम ने हमलावरों में अपने गांव के कौशल नागर और उसके साथियों की पहचान की थी। जांच में पता चला कि करीब एक माह पहले चेतराम के भतीजे महेश राज और कौशल नागर के बीच विवाद हुआ था।

उसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी पवन सैनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here