जयपुर। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक धोखाधड़ी और भू-माफिया से जुड़े मामलों में वांछित 3 हजार रुपये के इनामी आरोपी रामस्वरूप मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और अन्य भूमि घोटालों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामस्वरूप मीणा (48) पुत्र सुवालाल मीणा, श्रीराम की नांगल (सांगानेर) का निवासी है। वह आरएस ग्रुप राम श्याम बिल्डटेक कॉलोनाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से टोंक रोड स्थित कार्यालय संचालित करता था।
पुलिस के अनुसार टोंक जिले के पीपलू निवासी अर्जुन चौधरी ने 27 मार्च 2026 को सांगानेर सदर थाने में मामला दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने वाटिका रोड स्थित श्याम रेजीडेंसी योजना में ‘दी राजहंस को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी’ के आवंटन पत्र के आधार पर दो भूखंड खरीदे थे।
आरोप है कि जमीन के मूल खातेदारों और सोसायटी के पदाधिकारियों ने मिलीभगत कर पहले भूखंड बेच दिए और बाद में फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसी जमीन के दूसरे आवंटन पत्र जारी कर दिए। इस तरह जमीन पर दोबारा कब्जा करने और खरीदारों से धोखाधड़ी का प्रयास किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान रामस्वरूप मीणा की भूमिका प्रमाणित होने के बाद वह फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सांगानेर सदर, चाकसू, प्रताप नगर समेत जयपुर के विभिन्न थानों में भूमि विवाद और धोखाधड़ी से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। लगातार फरार रहने पर उस पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस आरोपी से रिमांड के दौरान अन्य कॉलोनियों, फर्जी भू-आवंटनों और संभावित धोखाधड़ी के मामलों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
ऑपरेशन चौकस: अवैध शराब और गांजे के साथ कई आरोपी गिरफ्तार
जयपुर पश्चिम पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चौकस’ के तहत अवैध शराब,नशीले पदार्थों की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। आमजन से व्हाट्सएप पर मिली शिकायतों के आधार पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध शराब और गांजा जब्त किया गया, जबकि कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 30 जुलाई से शुरू किए गए अभियान के तहत आमजन की शिकायतों के लिए व्हाट्सएप नंबर 7300012212 जारी किया गया था। इस पर प्राप्त गोपनीय सूचनाओं के आधार पर जिला विशेष टीम (डीएसटी), एसीपी और संबंधित थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
चौमूं थाना क्षेत्र में जैतपुरा स्थित भागीरथ विहार कॉलोनी में दबिश देकर अवैध देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी अजय सिंह मालावत (26) को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
सदर थाना क्षेत्र के हटवाड़ा तिराहे पर नशीले पदार्थ बेचने और नशेड़ियों द्वारा उत्पात मचाने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजा बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं सार्वजनिक शांति भंग करने वाले पांच लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। मुरलीपुरा थाना क्षेत्र के शेखावाटी नगर में पुलिस ने अवैध शराब के साथ कोमल नामक महिला को गिरफ्तार किया। बगरू थाना क्षेत्र में झुंड गांव से आरोपी जयराम को अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा गया।
झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बेचते हुए पप्पूराम मालावत को गिरफ्तार कर शराब जब्त की। साथ ही अवैध जमावड़ा करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
वैशाली नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध जमावड़ा करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं हरमाड़ा थाना क्षेत्र में रात आठ बजे के बाद शराब बिक्री की शिकायत मिलने पर आबकारी विभाग को कार्रवाई के लिए सूचित किया गया।



















