स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस का छापा

0
58

जयपुर। राजधानी के जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए दो स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 14 लोगों को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि समाज में विकृति फैलाने वाली अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार को मालवीय नगर स्थित दो स्पा सेंटरों पर छापा मारा।

थानाधिकारी ने बताया कि सवाई थाई स्पा (गिरधर मार्ग, मालवीय नगर) पर एसआई रमन पूनियां के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। यहां संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर 5 युवक और 6 युवतियों सहित कुल 11 लोगों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।

एनटीएफ स्पा (सेक्टर-6, मालवीय नगर) पर एसआई लटूर प्रसाद के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में एक युवक और दो युवतियों सहित कुल 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

इस विशेष अभियान के तहत अब तक करीब 110 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी महेश चंद्र, उपनिरीक्षक लटूर प्रसाद, श्याम प्रकाश और रमन पूनियां, हेड कॉन्स्टेबल बनवारी लाल, श्यामलाल तथा कॉन्स्टेबल सुरेश और मोनू यादव शामिल रहे।

गिरफ्तार लोगों में बिप्लव राय, तेजराम, अभरजीत दे, अभिनंद चतुर्वेदी, अशोक मीणा और रिंकेश मीणा सहित अन्य युवक-युवतियां शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध स्पा सेंटरों और उनकी आड़ में संचालित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here