251 पार्थिव शिवलिंगों का महारुद्राभिषेक: भोलेनाथ की आराधना में डूबी छोटी काशी

0
50
251 Maharudrabhishek of earthly Shivalingas
251 Maharudrabhishek of earthly Shivalingas

जयपुर। सावन माह में राजधानी जयपुर रविवार को शिवभक्ति में सराबोर रही। सीकर रोड स्थित एक गार्डन में श्री शिव महापुराण कथा समिति के तत्वावधान में 19वां सामूहिक 251 पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं महारुद्राभिषेक श्रद्धा और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। देश की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और जनकल्याण की कामना के साथ आयोजित अनुष्ठान में 251 यजमान दंपतियों ने पार्थिव शिवलिंग का पूजन एवं रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों से अभिषेक किया।

समिति के महामंत्री अरुण खटोड़ ने बताया कि अनुष्ठान देशवासियों की उन्नति, खुशहाली और अच्छी वर्षा के संकल्प के साथ आयोजित किया गया। वहीं समिति के अध्यक्ष पंडित सुरेश शास्त्री ने कहा कि कलयुग में पार्थिव शिवलिंग का पूजन एवं अभिषेक विशेष फलदायी माना गया है। अनुष्ठान में हरिद्वार से लाए गए गंगाजल तथा 108 दुर्लभ जड़ी-बूटियों से भगवान शिव का महारुद्राभिषेक किया गया। उन्होंने बताया कि समिति वर्ष 2008 से लगातार इस आयोजन का आयोजन कर रही है।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा से हुई। इसके बाद विधिवत पूजन, महारुद्राभिषेक और महाआरती संपन्न हुई। संयोजक अर्जुन राठौड़ ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए सभी यजमानों को तुलसी के पौधे वितरित किए गए।
कोषाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खंडेलवाल ने बताया कि अनुष्ठान के बाद सभी पार्थिव शिवलिंगों का विधिवत विसर्जन के लिए हरिद्वार भेजा जाएगा, जहां उनका गंगा नदी में विसर्जन किया जाएगा।

कार्यक्रम में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल सहित अनेक संत, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे। सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं तथा समाज में आस्था और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। उन्होंने देश और प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here