जयपुर। राजधानी में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर पति-पत्नी गिरोह का बजाज नगर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी दर्शन करने के बहाने मंदिरों में प्रवेश करते थे और मौका मिलते ही चांदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई चांदी की लुटिया सहित अन्य सामान बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के 6 से 7 मंदिरों में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।
जयपुर पूर्व की पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर पति-पत्नी गिरोह का बजाज नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से श्रीराम मंदिर से चोरी हुई चांदी की लुटिया बरामद कर ली है।
इसके अलावा अन्य मंदिरों से चोरी किए गए चांदी के कई सामान भी बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि गहन पूछताछ में मंदिर चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।


















