जयपुर। जयपुर शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने और अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दौलतपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार की तलाशी लेकर उसमें से 2 जिंदा कारतूस और एक धारदार चाकू बरामद किया। पुलिस ने आरोपी की कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि दौलतपुरा थाना पुलिस टीम ने थाने के पास सर्विस रोड पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान बिलोची की तरफ से आ रही कार को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान चालक की सीट के पास एक धारदार चाकू मिला।
पुलिस ने कार चालक संदीप सिंह निर्वाण (30) निवासी बबाई जिला झुंझुनूं हाल कालवाड़ रोड, करधनी जयपुर को नीचे उतारकर तलाशी ली। इस दौरान उसकी पैंट की जेब से 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने जब कारतूस और चाकू के संबंध में वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बड़े व्यापारियों और प्रॉपर्टी डीलरों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली (रंगदारी) करता है। पुलिस के अनुसार संदीप सिंह निर्वाण का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ जयपुर शहर और जयपुर ग्रामीण के विभिन्न थानों में रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।



















