जयपुर। महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टोंक फाटक, मधुबन कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के आचार्य शांति सागर सभागार में दो दिवसीय ‘स्वास्तिक एग्जीबिशन’ का सफल आयोजन किया गया। कुटीर गृह उद्योग से जुड़ी महिलाओं द्वारा निर्मित घरेलू उत्पादों की इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में महिलाओं और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन लाला एवं प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा उपस्थित रहे। आयोजक मंडल की मीनाक्षी जैन सोगानी एवं जिनेश जैन ने अतिथियों का तिलक लगाकर, माला एवं दुपट्टा पहनाकर भव्य स्वागत व सम्मान किया।
आयोजकों ने जानकारी दी कि महिलाओं को अपने उत्पादों एवं सेवाओं के प्रदर्शन के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 13 एवं 14 अगस्त को भाटिया भवन, राजा पार्क में राजस्थान जैन युवा महासभा के सहयोग से स्वास्तिक एग्जीबिशन का पुन: भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी का मुख्य ध्येय महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनके व्यवसाय को नई पहचान देना है। इस भव्य आयोजन के प्राउड स्पॉन्सर ‘Mr. रवि चाय, जयपुर’ होंगे।
राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन लाला एवं महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को एक नई दिशा देगी।
कार्यक्रम के दौरान संगिनी फोरम जेएसजी मेट्रो की निवर्तमान अध्यक्ष अम्बिका सेठी ने भी महिला उत्थान पर अपने विचार व्यक्त किए। अंत में आयोजक मीनाक्षी सोगानी ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का धन्यवाद व्यक्त किया।



















