पिस्टल लेकर घूम रहा बदमाश गिरफ्तार

0
35

जयपुर। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन आग (आग) के तहत बजाज नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) जयपुर पूर्व ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध देशी पिस्टल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने और लोगों में दहशत फैलाने के लिए पिस्टल लेकर घूम रहा था।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि बजाज नगर थानाधिकारी रामधन डोभाल और डीएसटी प्रभारी सुखवीर सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने सूचना तंत्र विकसित कर संदिग्धों पर नजर रखी। इसी दौरान शिवराम कॉलोनी और दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के पास एक युवक संदिग्ध स्थिति में घूमता मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और तलाशी ली। उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी विजय मीणा (22) निवासी 24, शिवराम कॉलोनी, थाना बजाज नगर, जयपुर पूर्व को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने अवैध पिस्टल कहां से और किस व्यक्ति से खरीदी थी। हथियार की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

कार्रवाई में डीएसटी के उप निरीक्षक बन्नालाल और कांस्टेबल राजेश कुमार की विशेष भूमिका रही। टीम में उप निरीक्षक उम्मेद सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार मीणा सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here