जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में सवारी की जेब ब्लेड से काटकर 50 हजार रुपए चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने यूपी के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 50 हजार रुपए की पूरी रकम बरामद कर ली। आरोपी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में आदर्श नगर स्थित कब्रिस्तान के पास घूम रहे थे, जहां पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
डीसीपी जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि 3 अगस्त को मेहंदीपुर बालाजी निवासी पुरुषोत्तम प्रजापत ने आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सामान खरीदने आए थे। ट्रांसपोर्ट नगर से घाटगेट जाने के लिए वह ई-रिक्शा में सवार हुए।
रास्ते में दो युवक हाथों में थैला लेकर उनके अगल-बगल आकर बैठ गए। घाटगेट बत्ती से पहले दोनों युवक चलते ई-रिक्शा से कूदकर फरार हो गए। कुछ देर बाद पीड़ित ने जेब संभाली तो उसमें चीरा लगा हुआ था और 50 हजार रुपए गायब मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इधर वारदात के खुलासे के लिए थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रास्तों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सामने आए हुलिए के आधार पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को आरोपियों के जयपुर में होने की सूचना मिली।
इसके बाद पुलिस ने आदर्श नगर स्थित कब्रिस्तान के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे कथित तौर पर एक और वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस के गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल कुमार (21) निवासी कमालगंज जिला फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश, हाल मालपुरा गेट जयपुर पूर्व और गोविंद उर्फ लाला (27) ठठिया जिला कन्नौज, उत्तर प्रदेश, हाल मालपुरा गेट जयपुर पूर्व के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित से चोरी किए गए 50 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गोविंद उर्फ लाला का आपराधिक रिकॉर्ड है। वह पूर्व में उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो चुका है और उसके पैर में गोली लगी थी।
पुलिस के अनुसार गोविंद के खिलाफ लखनऊ, कानपुर और बरेली के विभिन्न थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में जयपुर और अन्य शहरों में की गई जेबतराशी व चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
वारदात का अल्प समय में खुलासा कर चोरी की पूरी रकम बरामद करने में आदर्श नगर थाने के कांस्टेबल धर्म सिंह और धर्मेंद्र यादव की विशेष भूमिका रही। टीम में हेड कांस्टेबल मक्खन लाल, हेड कांस्टेबल रामनिवास, कांस्टेबल अक्षय कुमार और कांस्टेबल विद्याधर भी शामिल रहे।



















