मंदिर में चोरी करने वाला शातिर नकबजन गिरफ्तार

0
30
Cunning burglar who committed theft at a temple arrested.
Cunning burglar who committed theft at a temple arrested.

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने डिग्गी-मालपुरा रोड स्थित रातल्या गांव के गुरु महाराज मंदिर परिसर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विपिन उर्फ प्रकाश चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ जयपुर आयुक्तालय के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के 26 मामले दर्ज हैं। वारदात में शामिल उसके साथी सूरज बैरवा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों और चोरी के माल की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज के अनुसार मंदिर के परिवादी मोरदास बाबा ने 26 जून को मुहाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जून को दोपहर अज्ञात बदमाश गुरुमहाराज मंदिर परिसर में घुसे और मौका पाकर चार घंटियां (झालर), विद्युत कनेक्शन की केबल तथा ट्यूबवेल की केबल काटकर चोरी कर ले गए। मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश था। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इसके बाद थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मंदिर और आसपास के इलाके में लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपिन उर्फ प्रकाश चौधरी (29) निवासी मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), हाल प्रताप नगर, जयपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ जयपुर आयुक्तालय के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के 26 मामले दर्ज हैं।

वहीं वारदात में उसका साथी सूरज बैरवा (22) पुत्र प्रभुदयाल, निवासी ग्राम सीतापुरा, राणोली, टोंक, हाल महावीर नगर, पत्रकार कॉलोनी, जयपुर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस आरोपी से मंदिर चोरी के अलावा अन्य वारदातों और चोरी के माल की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here