जयपुर की बदहाली पर कांग्रेस का हल्लाबोल: निगम-जेडीए घेराव को लेकर पुलिस से टकराव

0
61
Congress launches a scathing attack over Jaipur's dilapidated state.
Congress launches a scathing attack over Jaipur's dilapidated state.

जयपुर। पंचायत और निकाय चुनावों की आहट के बीच जयपुर में सोमवार को कांग्रेस ने स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टोंक रोड स्थित नेहरू प्लेस से पैदल मार्च कर नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया। वहीं, झोटवाड़ा और पृथ्वीराज नगर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में 200 फीट अजमेर पुलिया से जेडीए कूच किया गया। दोनों प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। नगर निगम के बाहर स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

नगर निगम घेराव के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड पार कर निगम मुख्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास करते रहे। पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए दोनों तरफ से वाटर कैनन चलाए। इसके बावजूद कई कार्यकर्ता पीछे हटने के बजाय वाटर कैनन के पानी में खड़े होकर नारेबाजी करते रहे। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान एक महिला कार्यकर्ता के घायल होकर बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई।

खाचरियावास बैरिकेड पर चढ़े, सरकार से मांगा हिसाब

पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास भी प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधे पर उठाया। वे बैरिकेड पर चढ़कर भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि ढाई साल में जनता को राहत देने के बजाय कचरा टैक्स, यूडी टैक्स और स्मार्ट मीटर के नाम पर वसूली का बोझ बढ़ाया गया है। सरकार को जनता की पाई-पाई का हिसाब देना होगा।

खाचरियावास ने कहा कि जयपुर की सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं, नाले भरे पड़े हैं और बारिश के बाद जलभराव से लोग परेशान हैं। सरकार तत्काल सड़कें दुरुस्त करवाए, गड्ढे भरे और नालों की सफाई कराए। उन्होंने कहा कि वाटर कैनन और बैरिकेड से कांग्रेस की आवाज नहीं दबाई जा सकती। जरूरत पड़ी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाते हुए कहा कि जनता के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।

डोटासरा बोले—जेडीए और निगम में भ्रष्टाचार का आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाया कि जयपुर में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने जेडीए और नगर निगम में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि राजधानी की सड़कें टूटी हैं, सफाई व्यवस्था बदहाल है और जलभराव की समस्या बनी हुई है। जयपुर देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है, लेकिन शहर की बदहाल व्यवस्था से पर्यटकों और आम लोगों को परेशानी हो रही है।

डोटासरा ने कहा कि अपराध पर भी प्रभावी अंकुश नहीं लग रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में भी जनसमस्याएं बने रहने का आरोप लगाया। साथ ही सांगानेर क्षेत्र में भू-माफिया के सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए सरकार से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मिनी सचिवालय बनाने से पहले क्षेत्र की मौजूदा समस्याओं का समाधान जरूरी है। कांग्रेस जनता की आवाज सड़क से सदन तक उठाती रहेगी।

झोटवाड़ा-पृथ्वीराज नगर की समस्याओं को लेकर जेडीए कूच

इधर झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र और पृथ्वीराज नगर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता 200 फीट अजमेर पुलिया से रैली के रूप में जेडीए की ओर रवाना हुए। डीसीएम चौराहे के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रैली को रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने मौके पर नारेबाजी करते हुए जेडीए तक जाने और आयुक्त को ज्ञापन देने की मांग की।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक रैली आगे बढ़ाने को लेकर स्थिति बनी रही। बाद में जेडीए अधिकारी राजेंद्र सिंह शेखावत मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से मांग पत्र लिया। उन्होंने मांगों पर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद कांग्रेस ने जेडीए कूच स्थगित कर दिया।

हाईटेंशन लाइन से लेकर पट्टे और सीवर तक मांगें

कांग्रेस ने सभी हाईटेंशन लाइनों को भूमिगत करने, गजसिंहपुरा में सेक्शन 72 के नोटिस और तोड़फोड़ की कार्रवाई रोकने, सभी कॉलोनियों में सीवर लाइन बिछाने, डामरीकृत सड़क, बिजली और पानी की सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

इसके अलावा पृथ्वीराज नगर उत्तर की 18 कॉलोनियों को ग्रीन जोन से नियमित करने और पात्र लोगों को जेडीए पट्टे जारी करने की मांग भी उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में वर्षों से रह रहे लोगों को नियमों के तहत पट्टे दिए जाएं तथा पीटी सर्वे के बाद सुविधा क्षेत्र में शामिल किए गए भूखंडों से संबंधित समस्याओं का भी समाधान किया जाए।

अभिषेक चौधरी ने कहा कि गजसिंहपुरा में हाईटेंशन लाइन और सेक्शन 72 के नोटिस से लोगों में भय है। हाईटेंशन लाइनों को भूमिगत करना इसका स्थायी समाधान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर झोटवाड़ा विधायक के आवास और मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा।

टोंक रोड पर यातायात प्रभावित

नगर निगम घेराव के कारण टोंक रोड पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने यातायात को डायवर्ट किया, लेकिन कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रोहित बोहरा, रफीक खान, अमीन कागजी, पूर्व मंत्री अर्चना शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज, जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन में आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारियों का असर भी नजर आया। टिकट की दावेदारी कर रहे कई कार्यकर्ता अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन में पहुंचे। कांग्रेस ने स्थानीय मुद्दों को आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों में प्रमुखता से उठाने के संकेत दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here