जयपुर। राजस्थान में निजी बस ऑपरेटरों ने प्रस्तावित प्रदेशव्यापी हड़ताल फिलहाल टाल दी है। परिवहन विभाग की कार्रवाई और भारी चालानों के विरोध में बस ऑपरेटर हड़ताल की तैयारी में थे। सोमवार को ऑपरेटर प्रतिनिधियों ने परिवहन सचिव भवानी सिंह देथा से मुलाकात की। बैठक में मांगों पर सुनवाई और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल वापस लेने का फैसला किया गया।
बस ऑपरेटरों ने बैठक में एक लाख से डेढ़ लाख रुपए तक के भारी चालान, सीज की गई बसों को छोड़ने तथा बस कारोबार से जुड़ी अन्य समस्याओं का मुद्दा उठाया। ऑपरेटरों का कहना था कि लगातार भारी चालान और कार्रवाई से बस संचालकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।
सरकार की ओर से ऑपरेटरों की मांगों पर सकारात्मक तरीके से सुनवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद प्रस्तावित प्रदेशव्यापी हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है। इससे राजस्थान में निजी बसों का संचालन जारी रहेगा और यात्रियों को तत्काल राहत मिली है।
सात दिन में ठोस निर्णय नहीं तो फिर आंदोलन
बस ऑपरेटरों ने स्पष्ट किया है कि सरकार को मांगों पर कार्रवाई के लिए सात दिन का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में भारी चालानों, सीज बसों और अन्य प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो ऑपरेटर दोबारा आंदोलन का फैसला ले सकते हैं। फिलहाल हड़ताल नहीं होगी और प्रदेशभर में बसों का संचालन जारी रहेगा।



















