एसआई भर्ती-2021 भर्ती मामला: डमी अभ्यर्थी बैठाकर बना प्लाटून कमांडर गिरफ्तार

0
52
SI Recruitment 2021 Case
SI Recruitment 2021 Case

जयपुर। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2021 में फर्जीवाड़े के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी राजमोहन मीणा (29) निवासी कुंडेरा,जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी जगह डमी अभ्यर्थी बैठाकर लिखित परीक्षा पास की थी और मेरिट में 1623वां स्थान हासिल कर प्लाटून कमांडर के पद पर चयनित हो गया था। प्रशिक्षण के दौरान वह राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (आरपीटीसी ), जोधपुर से फरार हो गया था।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल के अनुसार एसओजी थाने में दर्ज प्रकरण की जांच में सामने आया कि राजमोहन मीणा निवासी कुंडेरा जिला सवाई माधोपुर ने प्रतियोगी परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी बैठाने वाले गिरोह के सरगना हनुमान प्रसाद मीणा से 10 लाख रुपए में सौदा किया था। हनुमान प्रसाद ने राजमोहन की जगह फर्जी अभ्यर्थी बैठाकर उसकी लिखित परीक्षा पास कराई। इसके बाद राजमोहन मेरिट में 1623वां स्थान प्राप्त कर प्लाटून कमांडर पद पर अंतिम रूप से चयनित हो गया।

चयन के बाद राजमोहन को प्रारंभिक प्रशिक्षण के लिए आरपीटीसी जोधपुर भेजा गया था। प्रशिक्षण के दौरान 22 मार्च 2025 को मौका पाकर वह वहां से फरार हो गया। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने पैतृक गांव और प्रशिक्षण केंद्र से दूर जयपुर आ गया और करतारपुरा फाटक के पास किराए का कमरा लेकर पहचान छिपाकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसओजी की ओर से 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

आरोपी की तलाश में एसओजी की टीम लगातार जुटी थी। पुलिस महानिरीक्षक एसओजी भुवन भूषण यादव और पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के नेतृत्व में अनुसंधान अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसओजी चिरंजीलाल मीणा की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित राजमोहन को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 15 अगस्त 2026 तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर भेज दिया गया। एसओजी आरोपी से डमी अभ्यर्थी बैठाने के पूरे नेटवर्क, लेन-देन और परीक्षा फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस मामले में डमी अभ्यर्थी गिरोह के मुख्य सरगना हनुमान प्रसाद मीणा निवासी बिलोता, थाना अलीगढ़, जिला टोंक को एसओजी पहले ही 23 जून 2024 को गिरफ्तार कर चुकी है। उसके खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र भी पेश किया जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here