जयपुर। करणी विहार थाना क्षेत्र के धावास स्थित जानकी विहार इलाके में बुधवार को बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ओपन जेल के कैदी मोहन कुमावत (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने मोहन पर तीन राउंड फायर किए और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कराकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। सामने से मौका मिलते ही उन्होंने मोहन को निशाना बनाकर फायरिंग की। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर करणी विहार के साथ भांकरोटा और चित्रकूट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को अस्पताल पहुंचाया।
सांगानेर ओपन जेल में बंद था मोहन
पुलिस जांच में सामने आया कि मोहन कुमावत 2018 में मोती डूंगरी इलाके में महेंद्र गुर्जर की हत्या के मामले में दोषी ठहराया जा चुका था और उसे सजा हुई थी। वर्तमान में वह सांगानेर स्थित ओपन जेल में बंद था। बुधवार को वह जेल लौट रहा था। इसी दौरान धावास के जानकी विहार इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा कर उसे निशाना बनाया और तीन गोलियां चला दीं।
बाइक नंबर से बदमाशों की तलाश
वारदात के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार बदमाश आरजे-14 जेडएक्स 8369 नंबर की बाइक पर सवार होकर आए थे। पुलिस इस बाइक नंबर के आधार पर भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों के आने और भागने का रास्ता स्पष्ट हो सके।
पुरानी रंजिश समेत कई एंगल पर जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहन से जुड़े लोगों के बीच पिछले कई वर्षों से रंजिश चली आ रही थी। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस की टीमें संदिग्धों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
घटना के बाद जयपुर शहर में ए श्रेणी की नाकाबंदी कराई गई। प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच के साथ पुलिस टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।



















