जयपुर। विश्वकर्मा थाना इलाके में 33 वर्षीय सेल्स मैनेजर जितिन कुमार ने किराए के फ्लैट में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट मिला, जिसमें मृतक ने पत्नी, सास-ससुर और साले पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार सादुलशहर (श्रीगंगानगर) निवासी जितिन विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में सेल्स मैनेजर थे और मल्होत्रा नगर स्थित फ्लैट में अकेले रहते थे। 1 अगस्त को परिजनों ने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने पर परिचितों को फ्लैट भेजा। दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर पुलिस ने उसे तोड़ा, जहां जितिन फंदे से लटके मिले।
मृतक के भाई पार्श्व गिल्होत्रा की रिपोर्ट पर पुलिस ने 12 अगस्त को पत्नी शेफाली, सास-ससुर और साले के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिकायत में पत्नी पर बेटी से मिलने और बात कराने के बदले 20 लाख रुपए या मकान की मांग करने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


















