जयपुर। डीएसटी जिला जयपुर दक्षिण और सांगानेर सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आग के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, आठ कारतूस और धारदार छुरी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों से मुहाना थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का चोरी हुआ सामान भी बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज के अनुसार अभियान के तहत डीएसटी और सांगानेर सदर थाना पुलिस की टीम ने 16 अगस्त को संयुक्त कार्रवाई करते हुए दीपक योगी (22) पुत्र मूली नाथ, निवासी पचाल, थाना अलीगढ़, टोंक तथा राहुल चौधरी (19) पुत्र रमेश जाट, निवासी रूपपुरा, थाना बनेठा, टोंक, हाल सांगानेर सदर को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से हथियार व नकबजनी का सामान बरामद हुआ। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों और अवैध हथियारों से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में डीएसटी जिला जयपुर दक्षिण और सांगानेर सदर थाना पुलिस की टीम शामिल रही।



















