जयपुर। सावन के पवित्र महीने के उपलक्ष्य में राजधानी जयपुर में श्री खाटू श्याम बाबा के झूला महोत्सवों की धूम रहने वाली है। आगामी 22 और 30 अगस्त को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें श्याम प्रभु का भव्य शृंगार कर झूला झुलाया जाएगा
श्री खाटू श्याम सेवादार समिति के तत्वावधान में 22 अगस्त को शाम सवा पांच बजे से निर्माण नगर स्थित पद्मावती पार्क में ‘श्री श्याम झूला महोत्सव’ आयोजित होगा। संतों के सानिध्य में भजन गायक झूला विहार के भजनों से बाबा को रिझाएंगे। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि सावन की धार्मिक परंपरा के तहत श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति की ओर से 22 अगस्त को शाम 7 बजे से वैशाली नगर के चित्रकूट सेक्टर 9, स्वामी नारायण मंदिर के सामने में झूला महोत्सव होगा। यहाँ बाबा की विशेष झांकी सजाई जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में ललित प्रसाद खंडेलवाल, दुर्गेश खंडेलवाल और योगेश खंडेलवाल सहित अन्य कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।
मानस पैलेस में वन विहार झूला महोत्सव 30 अगस्त
श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति द्वारा 30 अगस्त को गांधी पथ वेस्ट स्थित मानस पैलेस में सुबह 10 बजे से विशाल ‘वन विहार झूला महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। हरियाली के बीच श्याम बाबा को झूले में विराजमान कर अखंड ज्योति और छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालु वर्षा ऋतु की प्राकृतिक छटा के बीच परिवार सहित दर्शन और वन विहार का आनंद ले सकेंगे।


















