निकाय चुनाव में टिकट के लिए कांग्रेस में दौड़ तेज: नेताओं के घर बायोडाटा लेकर पहुंच रहे दावेदार

0
34
The race for tickets in the civic polls intensifies in the Congress.
The race for tickets in the civic polls intensifies in the Congress.

जयपुर। प्रदेश में निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही कांग्रेस में टिकट के लिए दावेदारों की दौड़ तेज हो गई है। 27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और 31 अगस्त अंतिम तिथि है। ऐसे में प्रत्याशियों के चयन को लेकर पार्टी में मंथन का दौर शुरू हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के आवास पर दावेदार बायोडाटा लेकर पहुंच रहे हैं।

विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, सांसद प्रत्याशी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के यहां भी टिकट के इच्छुक कार्यकर्ता अपनी दावेदारी जता रहे हैं। कार्यकर्ता पार्टी के प्रति निष्ठा, लंबे समय से किए जा रहे काम और क्षेत्र में सक्रियता को आधार बनाकर टिकट मांग रहे हैं।
गुरुवार को डोटासरा और पायलट के आवास पर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राजस्थान से बाहर होने के कारण उनसे मिलने पहुंचे दावेदारों को मायूस लौटना पड़ा।

निकाय चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस की ओर से पहली बार ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। अब तक प्रदेशभर से 5 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। पार्टी ने छह चरणों में ऑनलाइन आवेदन के जरिए दावेदारों की जानकारी जुटाई है। पीसीसी अध्यक्ष डोटासरा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ऑनलाइन आवेदन नहीं करने वाले कार्यकर्ताओं की दावेदारी पर विचार नहीं किया जाएगा।

निकाय चुनाव को लेकर डोटासरा ने शुक्रवार को सांगानेर के एक निजी रिसोर्ट में दोपहर 3 बजे प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाई है। इसमें प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, जिलाध्यक्ष, विधायक, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, विधानसभा व लोकसभा प्रत्याशी, अग्रिम संगठनों व विभाग-प्रकोष्ठों के प्रमुख तथा सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के कोऑर्डिनेटर शामिल होंगे। बैठक में निकाय चुनाव की रणनीति और संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चा होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here