जयपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिलाओं और बालिकाओं को रोडवेज बसों में दो दिन नि:शुल्क यात्रा की सौगात दी है। राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार 28 और 29 अगस्त को राजस्थान रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस बसों में राजस्थान की सीमा के भीतर महिलाओं और बालिकाओं को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
यात्रा के दौरान परिचालक महिलाओं और बालिकाओं को नि:शुल्क यात्रा टिकट जारी करेंगे। यह सुविधा 27 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 30 अगस्त की मध्यरात्रि 11:59 बजे तक लागू रहेगी। हालांकि वातानुकूलित, वॉल्वो और अखिल भारतीय अनुज्ञा पत्र पर संचालित बसों में यह सुविधा लागू नहीं होगी। राजस्थान से बाहर की यात्रा के लिए निर्धारित किराया देना होगा।
रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सिंधी कैंप सहित प्रमुख बस स्टैंडों पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महिला यात्रियों को बसों में व्यवस्थित तरीके से बैठाने के लिए अलग से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि लंबी कतारों और भीड़ के बीच उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।



















