जयपुर। भट्टा बस्ती थाना इलाके में ससुराल वालों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर रींगस के सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। दो बेटियां होने के बाद ससुराल वालों ने बेटे की चाह में उसे ताने देना शुरू कर दिया। पुलिस ने शिक्षिका के पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि शास्त्री नगर की शिव कॉलोनी निवासी नीरू गुप्ता (40) रींगस के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से घर लौटने के बाद वह अपने कमरे में चली गईं। शाम करीब 6.30 बजे परिजनों ने कमरे में देखा तो वह फंदे से लटकी मिलीं। परिजन उन्हें नीचे उतारकर कांवटिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका के पिता पुष्करलाल गुप्ता, निवासी परमहंस कॉलोनी मुरलीपुरा, ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि जनवरी 2013 में नीरू की शादी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव योगेश अग्रवाल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर बेटी को परेशान किया जाता था। दिसंबर 2013 में पहली बेटी और फरवरी 2019 में दूसरी बेटी के जन्म के बाद ससुराल वालों का कथित ताना और प्रताड़ना बढ़ गई।
पिता के अनुसार नवंबर 2021 में ससुराल वालों ने नीरू के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। बाद में पीहर पक्ष की समझाइश के करीब सवा महीने बाद उसे वापस ससुराल भेजा गया। वर्ष 2023 में नीरू की रींगस के सरकारी स्कूल में शिक्षिका के पद पर नौकरी लग गई, लेकिन पिता का आरोप है कि इसके बाद भी प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
पिता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि जुलाई 2026 में नीरू के भाई के यहां दूसरे बेटे के जन्म की जानकारी मिलने के बाद ससुराल वालों ने उसे ताना दिया कि ‘तेरे भाई के बेटे पर बेटे हो रहे हैं, तू बेटियां पैदा कर रही है।’ पिता के अनुसार नीरू ने फोन पर कई बार अपनी परेशानी बताई थी। उसने कथित तौर पर कहा था, ‘पिताजी, मेरे बेटा नहीं होने से ये लोग मुझे मार डालेंगे। आप मेरी दोनों बेटियों का ध्यान रखना। इसके बाद उसकी संदिग्ध मौत की सूचना पीहर पक्ष को मिली। पुलिस ने पिता की शिकायत पर पति योगेश अग्रवाल सहित ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।



















