जयपुर। मानसून सत्र के मद्देनजर एसडीआरएफ बटालियन मुख्यालय गाडोता में सघन वृक्षारोपण अभियान शुरू किया गया। कमांडेंट एसडीआरएफ रेवन्त दान ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य बटालियन परिसर को हराभरा बनाना, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना और जवानों में प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट नरेश शर्मा, सहायक कमांडेंट जग्गूराम, संजय कुमार शर्मा, दीपक कुमार, उमेश गौतम, रोहित चौधरी और अजय कुमार सहित बटालियन मुख्यालय के अधिकारी तथा रेस्क्यू टीम के जवानों ने पौधारोपण किया। बटालियन के प्रत्येक जवान की ओर से स्वप्रेरणा से पौधे लगाए जा रहे हैं।
पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बटालियन स्तर पर विशेष ‘ग्रीन टीम’ का गठन किया गया है। यह टीम पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और संरक्षण की निगरानी करेगी। अभियान के जरिए एसडीआरएफ परिसर को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ जवानों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया जा रहा है।



















