जयपुर। अजमेर रोड पर पुरानी चुंगी के पास रविवार दोपहर एक मकान की छत पर लगे मोबाइल टावर में अचानक आग लग गई। आग की लपटों के साथ उठते धुएं से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर 22 गोदाम अग्निशमन केंद्र से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
22 गोदाम अग्निशमन केंद्र के अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, पुरानी चुंगी के पास साहिद खान के मकान की छत पर मोबाइल टावर लगा हुआ है। रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे टावर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने टावर की वायरिंग और उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब सवा घंटे बाद आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मकान मालिक के अनुसार, आग से मोबाइल टावर की वायरिंग और उपकरण जल गए, जिससे करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।



















