कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की तत्परता से बालिका से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार

0
39

जयपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए तैनात कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने तत्परता दिखाते हुए जयसिंहपुरा खोर की सब्जी मंडी में बालिका से छेड़छाड़ के आरोपी को गिरफ्तार करवाया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ रखा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ तथा छींटाकशी की घटनाओं पर रोकथाम के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया के नेतृत्व में 1090 महिला पीसीआर वैन जेब्रा-17, थाना माणकचौक, गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस नियंत्रण कक्ष से जयसिंहपुरा खोर की सब्जी मंडी में एक युवक द्वारा बालिका से छेड़छाड़ करने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही जेब्रा दल के हेड कांस्टेबल चरन सिंह और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल हंसा व गुलाब मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आरोपी मुकेश (24), पुत्र खेमचंद वर्मा, निवासी नारायण धाम, जयसिंहपुरा खोर को हिरासत में लेकर स्थानीय थाना पुलिस के सुपुर्द किया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं से निर्भया हेल्पलाइन के नंबर मोबाइल में सुरक्षित रखने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here