सिटी पार्क के पास एमडी-अफीम के साथ 2 छात्र गिरफ्तार

0
51

जयपुर। राजधानी जयपुर में नशे के सौदागरों ने अब ग्राहकों तक माल पहुंचाने के लिए नया और शातिर तरीका ढूंढ निकाला था। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने मानसरोवर इलाके में एक ऐसे ही हाई-प्रोफाइल नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जो रैपिडो और पोर्टर जैसी ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं के जरिए घरों और पार्टियों तक ड्रग्स पहुंचा रहा था। वहीं, दूसरी कार्रवाई में ब्यावर में पुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे तस्करों की कार से 248 किलो से अधिक डोडा पोस्त और अफीम का दूध बरामद किया है।

आईजी विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ को मानसरोवर स्थित सिटी पार्क के पास एक किराए के कमरे में ड्रग्स सप्लाई की पुख्ता सूचना मिली थी। टीम ने दबिश देकर बाड़मेर के धोरीमन्ना निवासी मनीष ढाका (20) और गोपीकृष्ण उर्फ प्रिंस (20) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कमरे से 439 ग्राम एमडी, 466 ग्राम अफीम, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, जिप लॉक पाउच, ई-कॉमर्स कंपनियों के लेबल वाली पार्सल थैलियां और खाली गत्ते के बॉक्स बरामद हुए।

एएनटीएफ पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य सप्लायर बाड़मेर से व्हाट्सएप पर डिलीवरी की लोकेशन और मात्रा भेजता था। आरोपी ऑनलाइन कूरियर ऐप के जरिए पार्सल भेजते थे, जिसके बदले उन्हें प्रति राइड 200 रुपए मिलते थे। रात में सेवाएं बंद होने पर वे ड्रग्स को किसी गुप्त स्थान पर छिपाकर उसकी फोटो ग्राहक को भेज देते थे। मुख्य आरोपी मनीष 2023 में बी-फार्मेसी की पढ़ाई के लिए जयपुर आया था, जहां वह लालच में आकर इस धंधे में उतर गया।

ब्यावर सदर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ ने एक अन्य बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। चित्तौड़गढ़ से जोधपुर की ओर आ रही एक संदिग्ध कार को मकरेड़ा के पास रोकने का प्रयास किया गया। तस्करों ने भागने की कोशिश की, जिससे उनकी कार रेलवे पुलिया की दीवार से टकराकर रुक गई। जिसके बाद एएनटीएफ ने कार सवार जोधपुर ग्रामीण निवासी लेखाराम उर्फ पीपी विश्नोई (28) और सूर्यप्रकाश उर्फ सुरेश विश्नोई (26) को गिरफ्तार किया गया।

कार की पिछली सीट और डिग्गी से 14 कट्टों में भरा 248.140 किलो डोडा पोस्त तथा गियर बॉक्स के पास से 940 ग्राम अफीम का दूध मिला। पुलिस को चकमा देने के लिए कार से दो अतिरिक्त नंबर प्लेट भी जब्त की गईं। फिलहाल एएनटीएफ दोनों मामलों में मुख्य सप्लायर्स और उनके बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक्स को खंगालने में जुती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here