राधाष्टमी पर गोविंददेवजी मंदिर में पंचामृत से होगा महाभिषेक

0
48
A grand *abhishek* with *Panchamrit* will be performed at the Govind Dev Ji Temple on Radhashtami.
A grand *abhishek* with *Panchamrit* will be performed at the Govind Dev Ji Temple on Radhashtami.

जयपुर। मंदिर श्री गोविंद देव जी महाराज में श्री राधाष्टमी महोत्सव 19 सितंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव के तहत 18 सितंबर तक मंदिर परिसर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इन दिनों सुबह-शाम प्रसिद्ध भजन मंडलियों की ओर से हरिनाम संकीर्तन और भजनों की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। 18 सितंबर को सुबह से शाम तक अष्ट प्रहर हरिनाम संकीर्तन होगा।

16 सितंबर को सुबह श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति और शाम को एसएमएस ब्लड बैंक परिवार की ओर से भजन-कीर्तन किया गया। 17 सितंबर को सुबह श्री सरस प्रभात मंडल और शाम को श्री श्याम अनमोल सेवा रत्न परिवार ट्रस्ट की ओर से संकीर्तन होगा। इन दिनों राजभोग की झांकी सुबह 10.45 से 11.15 बजे तक रहेगी।

गोविंद देवजी मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी के अनुसार राधाष्टमी के मुख्य पर्व पर 19 सितंबर को ठाकुर जी एवं श्री राधा रानी का पंचामृत से महाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद बधाई उत्सव मनाया जाएगा। मंदिर में दिनभर विशेष झांकियों के दर्शन होंगे। मंगला झांकी सुबह 4 से 4.15 बजे, अभिषेक 4.45 से 5 बजे, धूप झांकी 7.45 से 9 बजे तथा श्रृंगार एवं बधाई उत्सव की झांकी 9.30 से 10.15 बजे तक रहेगी। राजभोग झांकी सुबह 11 से 11.30 बजे तक होगी।

शाम को ग्वाल झांकी 5 से 5.15 बजे, संध्या झांकी 5.45 से 6.45 बजे और उत्सव दर्शन शाम 7 से रात 8.30 बजे तक होंगे। शयन झांकी रात 9 से 9.15 बजे तक रहेगी।
गोविंद देवजी मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी के अनुसार राधाष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। हृदय रोग, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और सांस संबंधी बीमारी सहित गंभीर बीमारियों से पीड़ित श्रद्धालुओं को भीड़ में आने से बचने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कीमती सामान, बैग, थैला, लेडीज पर्स और महंगे आभूषण लेकर मंदिर नहीं आने की अपील की है। पर्याप्त पानी पीने के लिए पानी की बोतल साथ रखने की सलाह भी दी गई है। मंदिर प्रशासन ने कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तत्काल मंदिर प्रशासन या पुलिस को सूचना दें। महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ सुरक्षा और सुव्यवस्था पर विशेष जोर रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here