जयपुर। तूंगा थाना इलाके में अपहरण और मारपीट के आरोपों से जुड़े मामले में घायल 25 वर्षीय ओमप्रकाश बैरवा की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक 15 सितंबर को गंभीर हालत में उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में राजस्थान अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था, जहां मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना के बाद परिजन तूंगा थाने पहुंचे और घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि 15 सितंबर को बोलेरो और बाइक पर सवार कुछ युवक ओमप्रकाश के घर के पास पहुंचे थे। उन्होंने उससे तीन हजार रुपए मांगे। रुपए देने से मना करने पर आरोपियों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाया और खतैपुरा के पास एक फार्म हाउस ले गए। आरोप है कि वहां पहले से 30 से 40 लोग मौजूद थे, जिन्होंने ओमप्रकाश के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।
परिजनों ने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश के पास मौजूद एक लाख रुपए छीन लिए गए और पांच लाख रुपए और देने का दबाव बनाया गया। रुपए नहीं देने पर जान से मारने और मोबाइल में मौजूद फोटो प्रसारित करने की धमकी देने का भी आरोप है। परिजनों के अनुसार, मारपीट में उसके सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद उसके घावों पर नमक और मिर्च भी डाली गई।
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद ओमप्रकाश शिकायत दर्ज कराने तूंगा थाने पहुंचा, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद जयपुर महानगर पूर्व के पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई। कार्रवाई नहीं होने पर एसीजेएम-12 जयपुर महानगर पूर्व की अदालत में परिवाद पेश किया गया। अदालत के आदेश के बाद 19 सितंबर को तूंगा थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
एफआईआर में चैनपुरा निवासी बादल मीणा, देवगांव निवासी करण मीणा, बासड़ा निवासी राहुल मीणा, चैनपुरा निवासी अनुज बैरवा, खतैपुरा निवासी राहुल बालोत, देवगांव निवासी बनवारी और भानू मीणा को नामजद किया गया है। इसके अलावा 10 से 15 अन्य लोगों के भी वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
इधर पुलिस ने ओमप्रकाश की मौत के बाद मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस मारपीट, अपहरण, रुपए छीनने और धमकी के आरोपों के साथ युवक की मौत की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















