माता के जयकारों के साथ वैष्णो देवी के लिए पदयात्रा रवाना

0
51
A pilgrimage on foot to Vaishno Devi sets off amidst chants in praise of the Goddess.
A pilgrimage on foot to Vaishno Devi sets off amidst chants in praise of the Goddess.

जयपुर। जय मां वैष्णो देवी सेवा समिति सांगानेर की ओर से मंगलवार को माता वैष्णो देवी के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच जयपुर से वैष्णो देवी धाम के लिए भव्य पदयात्रा रवाना हुई। विश्व शांति, भाईचारे और धार्मिक आस्था का संदेश लेकर निकली पदयात्रा का शुभारंभ मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में ध्वज पूजन के साथ हुआ। ध्वज पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाए और उत्साह के साथ यात्रा शुरू की।

पदयात्रा को ज्योतिषाचार्य, वास्तु सलाहकार एवं अंकशास्त्री आचार्य लवभूषण, जयपुर नगर निगम वार्ड 52 के पार्षद हनुमान सैनी (लाड़का), मुकेश अरोड़ा और फैशन डिजाइनर हंसा राठौड़ श्रीपा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने रवाना किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन और माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ेंगे।

आयोजक नारायण राजोरिया, गोपाल सैनी, मदन मोहन शर्मा, मनोहर लाल कुमावत और संतोष पारीक ने बताया कि पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजन, धर्मशाला, यात्रा मार्गदर्शक सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु कटरा पहुंचकर माता वैष्णो देवी भवन में दर्शन करेंगे। इसके बाद श्री भैरव बाबा के दर्शन भी किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार पदयात्रा 27 दिनों में पूरी होगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here