जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शतरंज खिलाड़ी वाणी जैन ने अनूठी पहल की। उन्होंने शतरंज सीखने वाले 25 बच्चों और उनके अभिभावकों को नि:शुल्क ‘हनुमान अंश’ फिल्म दिखाई। शाम 6:15 बजे मानसरोवर स्थित गैलेक्सी सिनेमा में आयोजित फैमिली मूवी शो में बच्चों ने परिवार के साथ फिल्म का आनंद लिया।
वाणी जैन ने कहा कि बच्चों को मोबाइल और डिजिटल दुनिया से कुछ समय दूर रखकर परिवार, संस्कार, साहस, सत्य, सदाचार और भारतीय संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। ‘हनुमान अंश’ जैसी पारिवारिक फिल्म मनोरंजन के साथ सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कार देने का माध्यम बन सकती है।
बच्चों को शतरंज से जोड़ने और खेल के माध्यम से उनके विकास के लिए प्रयासरत वाणी जैन का कहना है कि बच्चों का सर्वांगीण विकास पढ़ाई के साथ खेल, संस्कार, संस्कृति, परिवार और रचनात्मक गतिविधियों से होता है। अभिभावकों ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों को परिवार के साथ समय बिताने और सकारात्मक मनोरंजन का अवसर मिला। बच्चों ने भी फिल्म का आनंद लिया और अभिभावकों ने वाणी जैन का आभार जताया।



















