जयपुर। सड़क दुर्घटनाओं में दुपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस जयपुर ने होंडा कंपनी के सहयोग से बुधवार को हेलमेट जनजागरूकता अभियान चलाया। अजमेरी गेट स्थित यादगार भवन से अभियान का शुभारंभ पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने किया। इस दौरान दुपहिया वाहन चालकों को आईएसआई मार्का हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया।
डीसीपी यातायात योगेश गोयल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस की ओर से नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में होंडा कंपनी की ओर से सीएसआर गतिविधि के तहत सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ आईएसआई मार्का हेलमेट का वितरण किया जाना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जीवन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दुर्घटना के दौरान हेलमेट गंभीर चोट और जान के नुकसान से बचाव में मदद करता है। उन्होंने वाहन चालकों से स्वयं हेलमेट पहनने के साथ पीछे बैठी सवारी को भी हेलमेट पहनाने की अपील की।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दक्षिण सुनीता मीणा ने भी अभियान को सड़क सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक पहल बताते हुए सहयोग के लिए होंडा कंपनी का आभार जताया। अभियान के दौरान यादगार तिराहा, पिंजरापोल गौशाला, हल्दी घाटी चौराहा और कुंभा मार्ग पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले दुपहिया वाहन चालकों तथा पीछे बैठी सवारियों को समझाइश की गई।
विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बिना आईएसआई मार्का हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान 200 आईएसआई मार्का हेलमेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. हरि प्रसाद सोमानी, डॉ. हेमंत जाखड़, पुलिस निरीक्षक प्रशासन रामकृपाल मीणा, यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, एशियन रोड सेफ्टी अकादमी जयपुर की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. प्रेरणा अरोड़ा सिंह, होंडा कम्पनी की सेफ्टी मैनेजर सुनंदा सहित अन्य पदाधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।



















