जयपुर। गोविंद देव मंदिर के पास स्थित जगद् गुरु आश्रम में पितृ पक्ष में श्री शंकराचार्य स्वामी राज राजेश्वराश्रम जी महाराज के पावन सान्निध्य में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। भागवत कथा 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। आश्रम के महंत अक्षया नंद सरस्वती जी महाराज ने बताया कि 26 सितंबर, शनिवार को सुबह 11 बजे गोविंद देव मंदिर से कलश यात्रा गाजे बाजे के साथ प्रस्थान कर विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल श्री जगद्गुरु आश्रम पहुंचेगी।
दोपहर 2 बजे दीप प्रज्वलन और पोथी पूजा के बाद कथा महोत्सव का विधिवत प्रारंभ होगा। कथा व्यास भगवद् मर्मज्ञ विद्या सागर महाराज भक्तों को कथा का रसपान कराएंगे। कथा की पूर्णाहुति 2 अक्टूबर को हवन पूजन के साथ होगी। आश्रम मंत्री पवन पारीक, कोषाअध्यक्ष अजय गोयल ने बताया की श्रोताओं की सुविधा के लिये सभी अनुकूल प्रबंध किए गए है।
आश्रम के ट्रस्टी चंद्र महेश झालानी, जुगल किशोर गुप्ता, गोविन्द खारवाल ने बताया की आश्रम लोगों को सनातन से जोड़ने एवं पारमार्थिक कार्यों के लिए वे निरंतर प्रयासरत है। आश्रम के आचार्य पं. गणपति दैवज्ञ एवं पं. जितेंद्र रतूड़ी ने बताया कि पितृ पक्ष में भगवद् कथा सुनने मात्र से पितरों का उद्धार एवं पितृ दोष का निवारण सहज ही हो जाता है।
यदि अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा है तो यह स्वर्णिम अवसर भक्तों को कभी नहीं गंवाना चाहिए। कोई भी धर्मावलंबी संकल्प के साथ सातों दिनों की कथा सुन सकता है। इसके लिए आश्रम में भक्तों को संकल्प आदि की निशुल्क विशेष व्यवस्था की गई है।



















