जयपुर। विद्याधर नगर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में साढ़े तीन साल से फरार चल रहे दस हजार रुपए के इनामी आरोपी प्रियांशु शर्मा उर्फ चानू (21) निवासी खुशखेड़ा जिला खैरथल-तिजारा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और मथुरा, आगरा तथा हरियाणा में फरारी काटता रहा। पुलिस अब उससे स्मैक और एमडी की प्राप्ति के स्रोत तथा सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि विद्याधर नगर थाने में वर्ष 2023 में दर्ज मुकदमा में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत आरोपी वांछित था। उसके लगातार फरार रहने पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई क्राइम सीरियल देखे थे। इनके जरिए उसने पुलिस द्वारा आरोपियों को ट्रेस करने और पकड़ने की प्रक्रिया की जानकारी हासिल की। इसी के आधार पर वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में परेशानी होती रही।
इसके बाद विद्याधर नगर थानाधिकारी सज्जन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर आरोपी की फरारी के संभावित ठिकानों के तकनीकी क्लू विकसित किए।
इसके आधार पर आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ थाना खुशखेड़ा में दो अन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों की प्राप्ति और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में आगे अनुसंधान कर रही है।



















