जयपुर। राजस्थान में साइबर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत जयपुर दक्षिण की मानसरोवर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी की राशि खपाने के लिए फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के मोबाइल से मिले बैंक खातों की जांच करने पर नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर देशभर में दर्ज 34 शिकायतों के तार जुड़े पाए गए, जिनमें कुल 12 करोड़ 59 लाख 20 हजार 628 रुपये की ठगी दर्ज है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार साइबर ठगों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मानसरोवर थाना पुलिस ने कार्रवाई की। 27 सितंबर को समन्वय व एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज संदिग्ध की पड़ताल के दौरान दि राजस्थान स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक लि. शाखा मानसरोवर से रिकॉर्ड प्राप्त किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी सचिन सिंह (23), निवासी डागर ,फतेहपुर सीकरी, आगरा हाल निवासी मानसरोवर, ने अपना बैंक खाता अपने साथी सोनू मोटवानी (26), निवासी स्वर्ण पथ, मानसरोवरको ठगी की रकम के लेनदेन के लिए उपलब्ध कराया था।सोनू मोटवानी खातों को साइबर ठगों तक पहुचाने का काम करता था।



















