मनीष सोनी हत्याकांड के बाद फिर गरमाया आमेर का माहौल, चालकों ने थाने में सौंपा ज्ञापन

0
28

जयपुर। आमेर में 7 सितंबर को गाइड मनीष सोनी की हत्या के बाद एक बार फिर माहौल गरमा गया। रविवार को आमेर महल जाने वाली पर्यटक जीपों के संचालन और हत्याकांड के बाद प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासनों को लेकर मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान जीपों को आमेर महल की ओर जाने से रोक दिया गया, जिससे आमेर रोड पर यातायात प्रभावित हुआ और कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी।

मनीष के परिजनों और स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हत्याकांड के बाद प्रशासन के साथ हुई वार्ता में जीप संचालन दोबारा शुरू करने से पहले प्रत्येक चालक का पुलिस सत्यापन और पंजीकरण अनिवार्य करने तथा संचालन के लिए सख्त दिशा-निर्देश लागू करने पर सहमति बनी थी। आरोप है कि इन व्यवस्थाओं को पूरी तरह लागू किए बिना रविवार दोपहर करीब 12 बजे जीपों का संचालन शुरू कर दिया गया।

इसके विरोध में मृतक के परिजनों और वार्ड नंबर एक के स्थानीय लोगों ने जीपों को आमेर महल की ओर जाने से रोक दिया। मृतक की पत्नी पूनम सोनी ने आरोप लगाया कि जीप चालक और उनके परिजन लगातार धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिना नियमों के जीप संचालन किया जा रहा है, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

पूनम सोनी ने मनीष की हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ पूर्व में घोषित 25 लाख रुपए के मुआवजे, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी और डेयरी बूथ आवंटित करने की मांग भी दोहराई।

इधर जीप चालकों ने भी अपनी मांगों को लेकर आमेर थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। चालकों का कहना है कि पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है और सप्ताहांत में बड़ी संख्या में पर्यटक आमेर पहुंच रहे हैं। ऐसे में जीप संचालन बंद रहने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से नियमानुसार जल्द जीप संचालन शुरू करवाने की मांग की।

आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि पर्यटक जीप संचालन को लेकर स्थानीय मोहल्ले के लोगों और चालकों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीप चालक अपनी मांगों को लेकर थाने आए थे और ज्ञापन सौंपकर चले गए, उन्होंने थाने के बाहर धरना नहीं दिया।

आमेर रोड पर यातायात जाम के संबंध में थानाधिकारी ने बताया कि रविवार और सप्ताहांत होने के कारण पर्यटकों की भारी आवक से यातायात का दबाव बढ़ गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवा दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here