जयपुर। 22 गोदाम स्थित एलिवेटेड रोड पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी है।
पुलिस के अनुसार श्याम नगर निवासी पूजा शर्मा (38) मंगलवार सुबह स्कूटी से अपने घर से ब्रह्मपुरी स्थित पीहर जा रही थीं। करीब साढ़े 8 बजे जब वह 22 गोदाम एलिवेटेड रोड से गुजर रही थीं, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूजा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
टक्कर के बाद करीब 100 मीटर तक घिसटती गई स्कूटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद स्कूटी करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल पूजा शर्मा को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पूजा शर्मा के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पति योगेश कुमार शर्मा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन से संबंधित कारोबार करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
सोड़ाला थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस 22 गोदाम एलिवेटेड रोड और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और फरार चालक की पहचान की जा सके।



















